नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है देश में जो कुकिंग गैस की कमी का वातावरण बन रहा है वह दो कारणों से हो रहा है, पहला खाड़ी में चल रहे ईरान अमेरीका युद्ध के चलते खाड़ी देशों से सप्लाई में हुई कमी और दूसरा भारत के कुछ राजनीतिक दलों के दुष्प्रचार से कुछ लोगों के दिल दिमाग में कुकिंग गैस की कमी का भ्रम घर कर गया है और वह पैनिक बुकिंग करवा रहे हैं।श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने आज आम आदमी पार्टी द्वारा पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर निकाली गई प्रदर्शन यात्रा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है की पूर्वी दिल्ली में आज निकाली गई सिलेंडर यात्रा “आप” नेताओं की ओछी राजनीति का प्रमाण है और ऐसी यात्रा निकाल कर “आप” नेता कालाबाजारियों के लिए उपयुक्त वातावरण निर्मित कर रहे हैं।दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल एवं श्रीलंका से लेकर खुद अमरीका तक में कुकिंग गैस सप्लाई थोड़ा-बहुत प्रभावित हुई है पर विश्व भर में कहीं भी सरकारों को अपने देश के अंदर के राजनीतिक विरोध का सामना नही करना पड़ रहा।श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है की नोटबंदी के समय एवं कोविड़काल में भी “आप” एवं कांग्रेस के नेताओं ने नोटों की कमी से लेकर आक्सीजन की कमी तक का दुष्प्रचार किया था पर देश की सामान्य जनता ने उनके मुंह पर राजनीतिक तमाचा मारते हुए दूसरी एवं तीसरी बार भी भाजपा की सरकार चुनी। नोटबंदी एवं कोविड़काल की तरह आज भी देश का सामान्य नागरिक प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पर विश्वास कर उनके साथ खड़ा है “आप” नेता उन्हे भ्रमित नही कर पायेंगे।












